Gujrat Technology

AI ट्रैफिक सिग्नल से बदलेगा सफर, अहमदाबाद में पायलट प्रोजेक्ट से जाम में 18% सुधार

गुजरात के अहमदाबाद में ट्रैफिक प्रबंधन को स्मार्ट बनाने के लिए AI आधारित एडैप्टिव ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम (ATCS) का पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया गया है। इस प्रोजेक्ट के तहत शहर के 10 प्रमुख चौराहों पर ऐसे ट्रैफिक सिग्नल लगाए गए हैं, जो रियल-टाइम ट्रैफिक के आधार पर खुद ही सिग्नल टाइम तय करते हैं। इससे अब फिक्स टाइमर की जगह AI सिस्टम ट्रैफिक की स्थिति का विश्लेषण कर सिग्नल को नियंत्रित करता है, जिससे बेवजह रुकने की समस्या कम हो रही है। यह सिस्टम चौराहों पर लगे कैमरों और सेंसर के जरिए गाड़ियों की संख्या, गति और लेन उपयोग को ट्रैक करता है। अगर किसी दिशा में ट्रैफिक जल्दी साफ हो जाता है, तो बचा हुआ समय दूसरी व्यस्त लेन को दे दिया जाता है।

इस डायनेमिक सिस्टम की वजह से ट्रैफिक फ्लो अधिक स्मूथ हो रहा है और खाली सिग्नल पर रुकने की जरूरत नहीं पड़ती। प्रारंभिक रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस पहल से ट्रैफिक जाम में कमी आई है और यात्रा समय घटा है। साथ ही, सिग्नल पर कम रुकने से ईंधन की खपत भी कम हो रही है। अधिकारियों का दावा है कि जिन इलाकों में यह सिस्टम लागू हुआ है, वहां ट्रैफिक फ्लो में करीब 18 प्रतिशत तक सुधार दर्ज किया गया है। यदि इसके परिणाम सकारात्मक बने रहते हैं, तो भविष्य में इसे शहर के अन्य चौराहों के साथ-साथ राज्य और देश के अन्य शहरों में भी लागू किया जा सकता है।