World

ओमान दौरा समाप्त कर स्वदेश रवाना हुए पीएम मोदी, ‘ऑर्डर ऑफ ओमान’ से हुए सम्मानित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओमान की यात्रा पूरी कर भारत के लिए रवाना हो गए है। मस्कट हवाई अड्डे पर ओमान के रक्षा मामलों के उप प्रधानमंत्री सैय्यद शिहाब बिन तारिक अल सईद उन्हें विदा करने पहुंचे। विदाई के दौरान दोनों देशों के ऐतिहासिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों की गर्मजोशी साफ दिखाई दी। दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया, गले मिले और उप प्रधानमंत्री ने पारंपरिक भारतीय अभिवादन ‘नमस्ते’ भी किया। प्रधानमंत्री मोदी तीन देशों की विदेश यात्रा के अंतिम चरण में ओमान पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें ओमान के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ ओमान’ से नवाजा गया। पीएम मोदी को मिला यह 29वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।

ओमान प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और सुल्तान हैथम बिन तारिक के बीच द्विपक्षीय वार्ता भी हुई। दोनों देशों ने व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) पर सहमति जताई। इस समझौते से भारत के टेक्सटाइल, फुटवियर, ऑटोमोबाइल, जेम्स एंड ज्वैलरी, रिन्यूएबल एनर्जी और ऑटो कंपोनेंट्स जैसे क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक फैसला है, जिसकी गूंज आने वाले कई दशकों तक सुनाई देगी। सीईपीए 21वीं सदी में भारत और ओमान को नया भरोसा और नई ऊर्जा देगा तथा व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा।