National

भारत-कनाडा संबंधों में नई शुरुआत, अनीता आनंद की यात्रा से रिश्तों में दिखी गर्माहट

पिछले एक वर्ष से तनावपूर्ण रहे भारत-कनाडा संबंध अब धीरे-धीरे पटरी पर लौटते नजर आ रहे हैं. खालिस्तान समर्थकों की गतिविधियों और एक कनाडाई नागरिक की हत्या के बाद दोनों देशों के रिश्तों में गहरी दरार आ गई थी. लेकिन कनाडा की नई विदेश मंत्री अनीता आनंद की भारत यात्रा ने द्विपक्षीय संवाद को फिर से शुरू करने का एक सकारात्मक संकेत दिया है. विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ हुई उनकी रचनात्मक बातचीत में दोनों पक्षों ने व्यापार, निवेश, ऊर्जा सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, और “क्रिटिकल मिनरल्स” जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई. विशेष रूप से स्वच्छ ऊर्जा और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में रणनीतिक भागीदारी को लेकर भी चर्चा हुई.

वार्ता में साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, विविधता और बहुलतावाद जैसे पहलुओं पर बल दिया गया. जयशंकर ने कहा कि कनाडा एक पूरक अर्थव्यवस्था और समान मूल्यों वाला समाज है, जिससे रिश्ते आगे बढ़ सकते हैं. हालांकि खालिस्तान से जुड़ी गतिविधियां अब भी भारत के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं. दोनों देशों ने नए उच्चायुक्तों की नियुक्ति कर कूटनीतिक निरंतरता को मज़बूती दी है. अनीता आनंद की यह यात्रा इस बात का प्रतीक है कि भारत और कनाडा अब टकराव नहीं, बल्कि सहयोग और संवाद के रास्ते पर आगे बढ़ना चाहते हैं.