दिल्ली टेस्ट के चौथे दिन मोहम्मद सिराज ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जब उनके हाथों में लाल गेंद होती है, तो विरोधी बल्लेबाजों की खैर नहीं. वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में सिराज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए शे होप का स्टंप उड़ाकर बड़ा कारनामा कर दिया. इस विकेट के साथ ही सिराज साल 2025 में सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं. उन्होंने जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को पीछे छोड़ दिया है.
सिराज ने इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ भी दमदार प्रदर्शन किया था और अब दिल्ली और अहमदाबाद में भी अपनी गेंदबाजी का लोहा मनवाया है. वहीं वेस्टइंडीज की टीम ने भी एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की. 51 साल बाद भारत में वेस्टइंडीज के दो बल्लेबाज जॉन कैम्पबल और शे होप ने एक ही पारी में शतक जमाया. कैम्पबल ने 115 और शे होप ने 103 रन बनाए. हालांकि दोनों बल्लेबाज शतक के बाद जल्दी आउट हो गए.
इन दो विकेटों के गिरने के बाद वेस्टइंडीज की पारी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. कुलदीप यादव ने मिडिल ऑर्डर पर कहर बरपाते हुए रॉस्टन चेज, टेविन इमलाक और खारे पियर को आउट कर दिया. वेस्टइंडीज ने 6 विकेट महज 40 रन के अंदर गंवा दिए और 311 रन तक पहुंचते-पहुंचते 9 विकेट खो बैठी.









