पश्चिमी जापान एक बार फिर तेज भूकंप से कांप उठा। मंगलवार सुबह शिमाने प्रांत में 6.4 तीव्रता के भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो गया। भूकंप इतना तेज था कि लोग घबराकर घरों और कार्यालयों से बाहर निकल आए। शुरुआती जानकारी के अनुसार कुछ लोग घायल हुए हैं, हालांकि बड़े पैमाने पर जान-माल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के मुताबिक भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 10:18 बजे आया। इसका केंद्र शिमाने प्रांत के पूर्वी हिस्से में जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर था। कम गहराई के कारण झटकों का असर अधिक महसूस किया गया। मुख्य भूकंप के बाद 10:28 और 10:37 बजे क्रमशः 5.1 और 5.4 तीव्रता के दो और झटके दर्ज किए गए, जिससे लोगों में डर और बढ़ गया।
मात्सुए शहर में सबसे ज्यादा असर देखा गया, जहां गिरने और सामान खिसकने से कम से कम चार लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आपात सेवाओं को अलर्ट पर रखा है। बिजली, पानी और परिवहन सेवाएं फिलहाल सामान्य हैं। जापान में भूकंप से निपटने की मजबूत व्यवस्था के चलते बड़े नुकसान से बचाव हुआ है। विशेषज्ञों ने आने वाले समय में हल्के आफ्टरशॉक्स की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।









