साउथ सिनेमा के सुपरस्टार धनुष एक बार फिर बड़े पर्दे पर जबरदस्त एक्शन और थ्रिलर के साथ वापसी करने के लिए तैयार हैं। उनकी मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘ओम चैप्टर 1: उधिरम – द ब्लड वुड’ का दमदार ट्रेलर रिलीज हो गया है। लाल चंदन की तस्करी, खतरनाक सिंडिकेट और जबरदस्त एक्शन से भरपूर इस ट्रेलर को सोशल मीडिया पर दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म में धनुष एक लकड़हारे की भूमिका निभा रहे हैं, जो धीरे-धीरे लाल चंदन की तस्करी के खतरनाक जाल में फंस जाता है। वहीं, अभिनेत्री साई पल्लवी सीबीआई ऑफिसर नित्या रेड्डी के दमदार किरदार में नजर आएंगी। ट्रेलर में दोनों कलाकारों का अलग अंदाज देखने को मिला है। सुपरस्टार ममूटी एक प्रभावशाली नेता की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह भी फिल्म में अहम किरदार निभाते दिखाई देंगे। हालांकि, उनके किरदार को लेकर अभी ज्यादा खुलासा नहीं किया गया है। अभिनेत्री श्रीलीला फिल्म में धनुष की पत्नी का किरदार निभा रही हैं।
फिल्म की रिलीज डेट में भी बड़ा बदलाव किया गया है। पहले यह फिल्म 16 अक्टूबर 2026 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन रजनीकांत की ‘जेलर 2’ के साथ बॉक्स ऑफिस टकराव से बचने के लिए इसकी रिलीज आगे बढ़ा दी गई। अब फिल्म 20 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। ‘अमरन’ फेम निर्देशक राजकुमार पेरियासामी ने फिल्म की कहानी लिखने के साथ इसका निर्देशन भी किया है। फिल्म का संगीत साई अभ्यंकर ने तैयार किया है, जबकि इसे वंडरबार फिल्म्स और आरटेक स्टूडियोज के बैनर तले बनाया जा रहा है। इसके अलावा धनुष के पास कई बड़े प्रोजेक्ट भी हैं। वह आगामी एक्शन फिल्म ‘D56’ और निर्देशक वेट्रिमारन की ‘तमिल मुरुगन’ में भी नजर आने वाले हैं। फिलहाल दर्शकों की निगाहें ‘ओम चैप्टर 1’ पर टिकी हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि ट्रेलर से बना उत्साह बॉक्स ऑफिस पर कितनी बड़ी सफलता में बदलता है।


