यमन में एक बार फिर संघर्ष तेज होने से आम नागरिकों पर संकट गहरा गया है। राजधानी सना के नजदीक एक गांव में हुए हवाई हमले में कम से कम 33 लोगों की मौत हो गई, जबकि 39 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। इस हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, हूती विद्रोहियों के नियंत्रण वाली सबा न्यूज एजेंसी ने इन हमलों के लिए सऊदी अरब को जिम्मेदार ठहराया है। एजेंसी का दावा है कि हमले में गांव के कई घरों को निशाना बनाया गया। हालांकि, रॉयटर्स ने इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है। वहीं, सऊदी अरब के सेंटर फॉर इंटरनेशनल कम्युनिकेशन ने कहा है कि घटना की जांच की जा रही है।
हूतियों के प्रभाव वाले इलाके में हुआ हमला
हूती स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, हवाई हमले सना के पूर्व में स्थित हुशायश इलाके में किए गए। इसे हूती विद्रोहियों का मजबूत गढ़ माना जाता है। मंत्रालय का कहना है कि मरने वालों में अधिकतर महिलाएं और बच्चे हैं। सेहतुना अस्पताल के निदेशक अब्दुल-अजीज अल-दैलामी ने बताया कि कई लोग अभी भी मलबे में फंसे हो सकते हैं। बचाव अभियान के दौरान भी हमले जारी रहने का दावा किया गया है। इस दौरान कुछ मेडिकल कर्मचारियों की भी जान चली गई। अस्पताल में गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज किया जा रहा है।
संघर्ष विराम के बाद फिर बढ़ी हिंसा
सऊदी अरब और हूतियों के बीच 2022 में संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता से संघर्ष विराम हुआ था, जिससे दोनों पक्षों के बीच हमलों में काफी कमी आई थी। हालांकि, अब दोबारा शुरू हुई सैन्य कार्रवाई से यह शांति व्यवस्था प्रभावित हुई है। इससे पहले हूतियों ने सऊदी अरब के हवाई अड्डों और तेल ठिकानों को निशाना बनाकर मिसाइल और ड्रोन हमले किए थे।
लाखों लोग मानवीय संकट से जूझ रहे
यमन में 2014 से गृहयुद्ध जारी है। इसने देश की अर्थव्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और बुनियादी ढांचे को बुरी तरह प्रभावित किया है। IOM के मुताबिक, संघर्ष दोबारा तेज होने के बाद दो लाख से अधिक लोग विस्थापित हो चुके हैं। सितंबर 2014 से राजधानी सना पर हूतियों का नियंत्रण है। राजनीतिक अस्थिरता और तत्कालीन सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों के बीच हूतियों ने राजधानी पर कब्जा किया था। अब ताजा हिंसा ने देश में शांति बहाली की उम्मीदों और आम लोगों की सुरक्षा को एक बार फिर मुश्किल में डाल दिया है।


