पंजाब केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरिंदर दुग्गल ने परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड के बाद केमिस्टों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई को लेकर पंजाब सरकार के रवैये पर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए एसोसिएशन नशे के खिलाफ सरकार की मुहिम का पूरा समर्थन करती है, लेकिन इस अभियान की आड़ में केमिस्टों को अनावश्यक रूप से परेशान करना उचित नहीं है।
दुग्गल के अनुसार, संबंधित केमिस्ट को उसकी गलती की सजा मिल चुकी है। इसके बावजूद पूरे केमिस्ट समुदाय के प्रति सख्त और अनुचित रवैया अपनाया जा रहा है, जिसकी एसोसिएशन कड़े शब्दों में निंदा करती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ लड़ाई में केमिस्ट सरकार के साथ खड़े हैं, लेकिन इस दौरान व्यापारियों के हितों और सम्मान का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि एसोसिएशन ने इस मुद्दे को लेकर पंजाब सरकार को पत्र भेजकर बैठक का समय मांगा था। सरकार की ओर से पत्र का जवाब देते हुए जल्द बैठक कर मामले पर विचार-विमर्श करने का भरोसा दिया गया है।दुग्गल ने कहा कि प्रस्तावित बैठक में केमिस्टों को पेश आ रही परेशानियों और उनकी विभिन्न मांगों को सरकार के सामने प्रमुखता से रखा जाएगा। एसोसिएशन को उम्मीद है कि सरकार उनकी बातों को गंभीरता से सुनेगी और केमिस्ट समुदाय के हित में उचित निर्णय लेकर राहत प्रदान करेगी।


