National Politics

किताब आएगी तो तमाशा होना तय, दशकों तक दूसरों ने सुनाई मेरी कहानी, अब मेरी बारी: सोनिया गांधी

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की आगामी पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ इन दिनों चर्चा में है। 10 नवंबर को रिलीज होने वाली इस किताब से पहले सोनिया गांधी लगातार वीडियो के जरिए इससे जुड़ी बातें साझा कर रही हैं। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक नया वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने कहा कि अब वह अपनी कहानी खुद दुनिया के सामने रखने जा रही हैं। सोनिया गांधी ने वीडियो के साथ अपने संदेश में संकेत दिया कि पुस्तक के सामने आने के बाद कई तरह की चर्चाएं हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि दशकों तक दूसरे लोग उनके जीवन और अनुभवों के बारे में बताते रहे, लेकिन अब वह खुद अपनी बात रखने के लिए तैयार हैं। उनके मुताबिक, किताब आने के बाद कुछ हलचल होना तय है।

वीडियो में सोनिया गांधी ने अपने पति और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी से जुड़ा एक अहम प्रसंग भी साझा किया। उन्होंने बताया कि जब राजीव गांधी को प्रधानमंत्री बनने का प्रस्ताव दिया गया था, तब वह इसके पक्ष में नहीं थीं। वीडियो में राजीव गांधी के साथ उनकी कुछ पुरानी तस्वीरें और उनके अंतिम संस्कार से जुड़ी तस्वीरें भी दिखाई गई हैं। सोनिया गांधी का कहना है कि सार्वजनिक जीवन में रहते हुए उनके बारे में लंबे समय तक कई तरह की बातें कही गईं। इनमें कुछ ऐसी बातें भी थीं, जिनका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं था, जबकि कुछ घटनाओं को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया। अब वह अपनी जिंदगी से जुड़े तथ्यों को अपने नजरिए से सामने रखना चाहती हैं।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह पुस्तक केवल उनके विचारों का संग्रह नहीं, बल्कि उनके जीवन की कहानी है। सोनिया गांधी के मुताबिक, किताब पढ़ने के बाद कुछ लोगों की उनके प्रति धारणा बदल सकती है, जबकि कुछ लोग उनसे और अधिक असहमत भी हो सकते हैं। ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में सोनिया गांधी के बचपन, राजीव गांधी से मुलाकात, शादी और राजनीति में प्रवेश से लेकर कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में उनके कार्यकाल तथा यूपीए सरकार के दौर तक के अनुभव शामिल हैं। पुस्तक 10 नवंबर को प्रकाशित होगी और इसकी प्री-बुकिंग भी जारी है।