भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में 10वें दीपोत्सव को भव्य बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस बार सरयू तट के 56 घाटों पर 30 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। दीपोत्सव को सफल बनाने के लिए घाटों की साफ-सफाई के बाद दीप सजाने के लिए निशान लगाने का काम शुरू हो गया है। आयोजन के दौरान दीपों की कमी न हो, इसके लिए 30 लाख के लक्ष्य के मुकाबले 33 लाख दीप मंगाए जा रहे हैं।
डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के दीपोत्सव नोडल अधिकारी संत शरण मिश्र के अनुसार, शुक्रवार सुबह साढ़े सात बजे सरयू तट के घाट संख्या 10 पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन किया जाएगा। इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह भी मौजूद रहेंगे।
इस बार विस्तारित राम की पैड़ी, चौधरी चरण सिंह घाट और भजन संध्या स्थल समेत कुल 56 घाटों पर दीप सजाए जाएंगे। पिछले वर्षों में 55 घाटों पर दीपोत्सव आयोजित किया जाता था। दीपों को व्यवस्थित और आकर्षक तरीके से सजाने के लिए चार वर्ग फुट के ब्लॉक बनाए जा रहे हैं। मार्किंग का काम अगले तीन से चार दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
आयोजन के लिए अवध विश्वविद्यालय करीब 35 हजार स्वयंसेवकों की तैनाती करेगा। इनमें विभिन्न डिग्री कॉलेजों और इंटर कॉलेजों के विद्यार्थी शामिल होंगे। स्वयंसेवकों को घाटवार जिम्मेदारियां सौंपने के साथ प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उनकी पहचान के लिए क्यूआर कोड वाले पहचान पत्र जारी किए जाएंगे। विश्वविद्यालय और जिला प्रशासन दीप सज्जा, प्रज्ज्वलन और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।


