National

एअर इंडिया ने 20 अक्टूबर तक सऊदी अरब की सभी उड़ानें कीं रद्द, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

सऊदी अरब में बदलते सुरक्षा हालात के बीच एअर इंडिया ने बड़ा फैसला लिया है। एयरलाइन ने रियाद, जेद्दा और दम्माम आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानें 20 अक्टूबर तक रद्द कर दी हैं। एअर इंडिया ने 16 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए इसकी जानकारी दी। इस फैसले से सऊदी अरब जाने और वहां से भारत लौटने की योजना बना रहे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

एअर इंडिया ने बताया कि प्रभावित यात्रियों को टिकट का पूरा रिफंड दिया जा रहा है। एयरलाइन ने कहा कि वह क्षेत्र की मौजूदा स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और सुरक्षित उड़ान संचालन दोबारा शुरू करने के लिए हालात का आकलन कर रही है। कंपनी के मुताबिक, यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्थिति के अनुसार आगे उड़ानों को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

इससे पहले सऊदी अरब में भारत के राजदूत विपुल ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए वीडियो संदेश जारी किया था। उन्होंने नागरिक सुविधाओं और बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की निंदा करते हुए कहा कि भारत इस कठिन समय में सऊदी अरब की जनता और नेतृत्व के साथ खड़ा है।

राजदूत ने हमलों में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने बताया कि मृतक भारतीय के परिवार के संपर्क में अधिकारी हैं। वहीं, घायल हुए 11 अन्य भारतीयों की सहायता के लिए अस्पताल प्रशासन और उनके परिजनों से बातचीत की जा रही है। भारतीय दूतावास ने नागरिकों से शांत और सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही, हवाई हमलों के दौरान खुले स्थानों से दूर रहकर घर या किसी सुरक्षित इमारत में रहने की सलाह दी है।