Punjab

पंजाब में SIR के बाद फाइनल वोटर लिस्ट जारी, 13.60 लाख नाम कटे; 7.97 लाख नए मतदाता जुड़े

पंजाब में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद अंतिम वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है। नई सूची के मुताबिक, राज्य में 7,97,263 नए मतदाताओं को शामिल किया गया है, जबकि कुल 13,60,316 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। निर्वाचन आयोग ने राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी है। दरअसल, पंजाब में SIR की प्रक्रिया 25 जून 2026 को शुरू हुई थी। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत शुरू की गई इस प्रक्रिया के समय राज्य में 2,14,61,043 पंजीकृत मतदाता थे। अब अंतिम सूची में मतदाताओं की संख्या घटकर करीब 2.01 करोड़ रह गई है।

2.01 करोड़ मतदाता अंतिम सूची में शामिल

अंतिम मतदाता सूची के अनुसार, पंजाब में कुल 2,01,00,727 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इनमें 1,03,76,026 पुरुष, 97,24,195 महिलाएं और 506 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में दर्ज 1,93,94,435 मतदाताओं के मुकाबले अंतिम सूची में 3.64 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान 35,49,036 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से 86,038 लोगों को जांच और संबंधित आदेशों के बाद अयोग्य घोषित किया गया।

पोलिंग स्टेशनों की संख्या भी बढ़ी

मतदाताओं की सुविधा और मतदान प्रक्रिया को बेहतर बनाने के लिए राज्य में पोलिंग स्टेशनों का पुनर्गठन किया गया है। इसके तहत मतदान केंद्रों की संख्या 24,453 से बढ़ाकर 25,332 कर दी गई है।

छूटे मतदाता ऐसे जुड़वा सकते हैं नाम

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने योग्य मतदाताओं से अपील की है कि जिनका नाम अंतिम सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए ECINET ऐप के माध्यम से ऑनलाइन या संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के पास ऑफलाइन फॉर्म नंबर 6 जमा किया जा सकता है।