सेहतमंद रहने के लिए सिर्फ पौष्टिक खाना खाना ही नहीं, बल्कि उसे सही फूड्स के साथ खाना भी जरूरी है। विशेषज्ञों के मुताबिक, कुछ खाद्य पदार्थों को एक साथ खाने से शरीर में पोषक तत्वों के अवशोषण को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है। दिल्ली के वसंत कुंज स्थित ISIC मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल के गैस्ट्रोएंटरोलॉजी एवं हेपेटोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. शुभम वात्स्य ने चार ऐसे फूड कॉम्बिनेशन बताए हैं, जिन्हें रोजमर्रा की डाइट में शामिल किया जा सकता है।
1. टमाटर के साथ घी या ऑलिव ऑयल: टमाटर में मौजूद लाइकोपीन एक ऐसा एंटीऑक्सीडेंट है, जिसका अवशोषण वसा के साथ बेहतर हो सकता है। इसलिए टमाटर को सीमित मात्रा में घी या ऑलिव ऑयल के साथ खाने से शरीर को इसके पोषक तत्वों का लाभ उठाने में मदद मिल सकती है।
2. पालक-दाल के साथ नींबू: पालक और दाल में मौजूद नॉन-हीम आयरन का अवशोषण शरीर में अपेक्षाकृत कम होता है। नींबू में मौजूद विटामिन C आयरन के अवशोषण को बढ़ाने में मदद करता है। ऐसे में पालक की दाल या अन्य आयरन युक्त भोजन के साथ नींबू लेना फायदेमंद हो सकता है।
3. दही के साथ अलसी: दही में प्रोबायोटिक बैक्टीरिया और अलसी में फाइबर तथा ओमेगा-3 फैटी एसिड का एक प्रकार ALA पाया जाता है। इनका संतुलित सेवन आंतों की सेहत और मल त्याग को बेहतर बनाए रखने में मदद कर सकता है। अलसी को पीसकर दही में मिलाया जा सकता है।
4. हल्दी के साथ काली मिर्च: हल्दी में करक्यूमिन नामक सक्रिय यौगिक होता है, जिसका शरीर में अवशोषण सीमित हो सकता है। काली मिर्च में मौजूद पाइपरिन इसके अवशोषण को बढ़ा सकता है। इसलिए हल्दी वाले दूध या भोजन में थोड़ी काली मिर्च मिलाई जा सकती है।
विशेषज्ञों के अनुसार, इन फूड कॉम्बिनेशन को संतुलित आहार का हिस्सा बनाकर पोषक तत्वों का बेहतर लाभ लिया जा सकता है। हालांकि, किसी एक फूड कॉम्बिनेशन को बीमारी का इलाज नहीं मानना चाहिए और घी जैसे वसा युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन अपनी जरूरत के अनुसार सीमित मात्रा में करना चाहिए।


