एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए पूल बी के मुकाबले में उज्बेकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त दी। इस एकतरफा मुकाबले में स्टार फॉरवर्ड दीपिका सहरावत ने अकेले 8 गोल दागकर इतिहास रच दिया। वह एशियन गेम्स के एक मुकाबले में सबसे ज्यादा व्यक्तिगत गोल करने वाली खिलाड़ी बन गईं।
भारत ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। लालरेम्सियामी ने 7वें मिनट में गोल कर टीम का खाता खोला। इसके बाद इशिका, बलजीत कौर और नेहा ने भी गोल किए। दीपिका ने 8वें मिनट में पहला गोल किया और फिर 22वें, 25वें, 33वें, 36वें, 38वें, 41वें और 54वें मिनट में गोल कर अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा।
पहले हाफ तक भारत 8-0 की बढ़त बना चुका था। इसके बाद भी भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा कायम रहा और अंतिम दो क्वार्टर में टीम ने 11 और गोल जोड़ दिए। नवनीत कौर ने दो, लालथान्तुआंगी ने दो और इशिका ने दो गोल किए, जबकि साक्षी राणा ने भी स्कोरशीट में अपना नाम दर्ज कराया।
इस मुकाबले में अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया ने भी उपलब्धि हासिल की। उन्होंने अपना 320वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेला और वंदना कटारिया के साथ भारत के लिए सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली महिला हॉकी खिलाड़ी बन गईं। भारत अब सोमवार को इंडोनेशिया के खिलाफ अपना अगला मुकाबला खेलेगा।


