National World

भारत-न्यूजीलैंड FTA को New Zealand संसद की मंजूरी, अगले महीने लागू होने की उम्मीद

भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। न्यूजीलैंड के व्यापार एवं निवेश मंत्री टॉड मैक्ले के अनुसार, दोनों देशों के बीच हुआ यह समझौता अगले एक महीने के भीतर लागू होने की उम्मीद है। फिलहाल FTA को प्रभावी बनाने के लिए जरूरी आधिकारिक दस्तावेजों के आदान-प्रदान की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। टॉड मैक्ले ने एएनआई से बातचीत में बताया कि न्यूजीलैंड की संसद इस समझौते को लागू करने वाले विधेयक को मंजूरी दे चुकी है। संसद में विधेयक के पक्ष में 93 वोट पड़े, जबकि 29 सांसदों ने इसका विरोध किया। इसके बाद 17 सितंबर को इसे अंतिम मंजूरी भी मिल गई।

समझौता लागू होने के बाद भारतीय निर्यातकों को न्यूजीलैंड के बाजार में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। न्यूजीलैंड ने पहले दिन से ही भारतीय वस्तुओं पर आयात शुल्क को शून्य करने की प्रतिबद्धता जताई है। इससे भारतीय उत्पादों की न्यूजीलैंड के बाजार में प्रतिस्पर्धात्मक स्थिति मजबूत हो सकती है। मंत्री के मुताबिक, FTA से दोनों देशों के बीच केमिकल, फार्मास्यूटिकल्स और मशीनरी जैसे क्षेत्रों में व्यापार बढ़ने की संभावना है। इसके अलावा आईटी और कम्युनिकेशन सहित सेवा क्षेत्र में भी नए अवसर पैदा हो सकते हैं। वहीं, न्यूजीलैंड को भारत में अपने खाद्य उत्पादों, मशीनरी, सेवाओं और निवेश के लिए अधिक बाजार मिलने की उम्मीद है।

भारत और न्यूजीलैंड ने करीब नौ महीने की बातचीत के बाद 27 अप्रैल 2026 को नई दिल्ली में FTA पर हस्ताक्षर किए थे। दोनों देशों ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य रखा है। वर्तमान में दोनों देशों के बीच व्यापार करीब 4 अरब न्यूजीलैंड डॉलर का है। समझौते के बाद व्यापारिक गतिविधियों के साथ छात्रों, पेशेवरों, पर्यटकों और कारोबारी यात्रियों की आवाजाही बढ़ने की भी उम्मीद जताई गई है।