Business

Food Delivery Bill होगा महंगा! Zomato ने COD ऑर्डर पर जोड़ी नई ‘Pay on Delivery’ फीस

ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म Zomato ने कैश-ऑन-डिलीवरी (COD) से भुगतान करने वाले ग्राहकों के लिए अतिरिक्त शुल्क लागू करना शुरू कर दिया है। हाल ही में ऐप पर कुछ ऑर्डर्स में “पे ऑन डिलीवरी फीस” के नाम से अलग चार्ज दिखाई दिया। खास बात यह है कि यह फीस हर ग्राहक या हर ऑर्डर के लिए समान नहीं है।

उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, अलग-अलग ऑर्डर वैल्यू पर अलग शुल्क लगाया जा रहा है। हालांकि, इस फीस का निर्धारण किन आधारों पर किया जा रहा है—ऑर्डर की कीमत, ग्राहक की लोकेशन, पेमेंट हिस्ट्री या किसी अन्य पैरामीटर के आधार पर—इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। Zomato की ओर से भी इस नई फीस को लेकर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।

फिलहाल Zomato के प्रतिद्वंद्वी Swiggy पर COD ऑर्डर के लिए अलग शुल्क नहीं लिया जा रहा है। ऐसे में Zomato का यह कदम पेमेंट के तरीके को भी कमाई के एक नए स्रोत के रूप में इस्तेमाल करने की दिशा में देखा जा रहा है।

कंपनी पहले से ही ऑर्डर्स पर प्लेटफॉर्म फीस, डिलीवरी चार्ज, पैकेजिंग फीस और लागू टैक्स जैसे अलग-अलग शुल्क लेती है। 2023 में शुरू हुई प्लेटफॉर्म फीस समय के साथ बढ़ी है और इस साल की शुरुआत में इसे 14.99 रुपये प्रति ऑर्डर तक किया गया था, जिस पर GST अलग से लगता है।

Zomato के बड़े ऑर्डर वॉल्यूम को देखते हुए छोटी-सी अतिरिक्त फीस भी कंपनी के लिए महत्वपूर्ण राजस्व स्रोत बन सकती है। हालांकि, COD ऑर्डर्स कुल ऑर्डर्स का केवल एक हिस्सा हैं, इसलिए वास्तविक अतिरिक्त कमाई इससे काफी कम होगी।