National

PM मोदी के मुंबई कार्यक्रम से पहले दो संदिग्ध गिरफ्तार, पुलिस ने सुरक्षा कनेक्शन पर किया बड़ा खुलासा

मुंबई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम से पहले दो संदिग्धों की गिरफ्तारी को लेकर मुंबई पुलिस ने स्थिति साफ कर दी है। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही थी कि हिरासत में लिए गए दोनों लोगों का प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से कोई संबंध हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने अब स्पष्ट किया है कि दोनों का पीएम मोदी के कार्यक्रम से कोई लेना-देना नहीं था और वे कार्यक्रम में शामिल होने भी नहीं जा रहे थे। दरअसल, मंगलवार को मुंबई के बीकेसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘ग्लोबल फिनटेक फेस्ट’ का उद्घाटन करने वाले हैं। इससे पहले बीकेसी इलाके में दो लोगों को संदिग्ध गतिविधियों के चलते पकड़ा गया। इनमें 24 वर्षीय रोहन पारेख भी शामिल है। उसके साथ एक बॉडीगार्ड मौजूद था। पुलिस के मुताबिक, बॉडीगार्ड के पास से एक बंदूक बरामद हुई, जबकि रोहन के पास प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का कथित फर्जी पहचान पत्र मिला।

मुंबई पुलिस के अनुसार, कुल तीन लोगों ने संदिग्ध सरकारी पहचान पत्र का इस्तेमाल करते हुए हथियार के साथ बीकेसी स्थित जियो वर्ल्ड प्लाजा में सुरक्षा व्यवस्था को पार कर जबरन प्रवेश करने की कोशिश की। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सरकारी कर्मचारी होने का झूठा दावा करने और हथियार के साथ अवैध तरीके से प्रवेश करने समेत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। एफआईआर बीकेसी पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई है और मामले की आगे की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि बरामद हथियार लाइसेंसी था। मुंबई पुलिस ने यह भी साफ किया कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा से जुड़ी किसी साजिश के तहत नहीं हुई है। दोनों को कार्यक्रम स्थल से अलग जगह पर पकड़ा गया था और उनका पीएम के कार्यक्रम से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं पाया गया है।