किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के शिखर सम्मेलन के दौरान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की एक पोस्ट चर्चा में आ गई है। आरोप है कि पाकिस्तान PMO ने राष्ट्राध्यक्षों की ग्रुप फोटो का एडिटेड वर्जन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर को हटा दिया गया।
SCO सम्मेलन के समापन के बाद सभी सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों और सरकार प्रमुखों का सामूहिक फोटो सेशन हुआ था। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ भी मौजूद थे। भारत की ओर से जारी की गई तस्वीर में सभी नेताओं को देखा जा सकता है, जबकि पाकिस्तान PMO की ओर से साझा तस्वीर में प्रधानमंत्री मोदी नजर नहीं आए। सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और शहबाज शरीफ के बीच भी कोई औपचारिक द्विपक्षीय मुलाकात नहीं हुई। ग्रुप फोटो के दौरान दोनों नेता एक-दूसरे से काफी दूरी पर खड़े दिखाई दिए।
SCO को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ सदस्य देशों से एकजुट होकर कार्रवाई करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के पूरे तंत्र को खत्म करने और उसकी फंडिंग रोकने के लिए ठोस प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई में दोहरे मानदंडों की भी आलोचना की। यूक्रेन और अन्य वैश्विक संघर्षों के संदर्भ में मोदी ने कहा कि युद्ध के मैदान में समस्याओं का समाधान नहीं निकल सकता और विवादों का हल संवाद व कूटनीति के जरिए होना चाहिए। साथ ही उन्होंने कनेक्टिविटी परियोजनाओं में सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के सम्मान पर जोर दिया।


