National

नॉर्थ साइप्रस के पास 267 लोगों से भरी नाव पलटी, 7 की मौत; 89 अब भी लापता

नॉर्थ साइप्रस के काइरेनिया बंदरगाह के पास एक बड़ी नाव के पलटने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे के समय नाव में क्रू सदस्यों समेत कुल 267 लोग सवार थे। अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई है, जबकि 172 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। वहीं, 89 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।

तुर्की साइप्रस के प्रधानमंत्री उनाल उस्टेल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कैटमरैन शैली का यह जहाज काइरेनिया पोर्ट से रवाना हुआ था और तट से कुछ किलोमीटर दूर पहुंचने के बाद पलट गया। हादसे के तुरंत बाद बड़े स्तर पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

तुर्की के परिवहन मंत्री एरहान अरिकली ने बताया कि बचाए गए लोगों में घायलों को गिरने पोर्ट लाया जा रहा है, जहां से उन्हें स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच भी शुरू की जाएगी।

तुर्की टेलीविजन पर प्रसारित तस्वीरों में नाव पानी में उलटी पड़ी दिखाई दी, जबकि कई लोग लाइफ जैकेट पहने नजर आए। मौके पर राहत और बचाव कार्य के लिए कई नावें तैनात की गई हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी अस्पतालों को अलर्ट कर दिया है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।