Delhi

दिल्ली लक्ष्मी योजना: महिलाओं को मिलेंगे ₹2,500, पहली किस्त 1 सितंबर को होगी जमा

दिल्ली की महिलाओं के लिए रक्षाबंधन से पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बड़ा तोहफा दिया है। दिल्ली सरकार ने दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत पहली किस्त जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बुधवार को तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने योजना के पहले 2,500 लाभार्थियों को मंजूरी पत्र सौंपे। लाभार्थियों के बैंक खाते और CBDC वॉलेट खुलने के बाद 1 सितंबर से उनके खातों में राशि जमा होगी। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसमें 1,500 रुपये की राशि फिक्स्ड डिपॉजिट के रूप में रखी जाएगी, जबकि 1,000 रुपये CBDC के तौर पर डिजिटल खर्च के लिए उपलब्ध होंगे। योजना के लिए अब तक छह लाख से अधिक महिलाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है।

आवेदक अपना स्टेटस दिल्ली लक्ष्मी योजना के आधिकारिक पोर्टल dly.delhi.gov.in पर चेक कर सकती हैं। वेबसाइट पर ‘Track Application’ विकल्प चुनने के बाद रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर, जन्मतिथि और कैप्चा दर्ज करना होगा। ‘Sign In’ पर क्लिक करने के बाद आवेदन की स्थिति स्क्रीन पर दिखाई देगी। योजना का लाभ लेने के लिए महिला की उम्र 21 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए। परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए और महिला दिल्ली की पंजीकृत मतदाता होनी चाहिए। सरकारी कर्मचारी, आयकरदाता और नियमित सरकारी वित्तीय सहायता पाने वाली महिलाएं योजना के लिए पात्र नहीं होंगी।