Delhi

DMRC का बड़ा फैसला, दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन अगले आदेश तक रहेंगे बंद

दिल्ली में जारी विरोध-प्रदर्शनों और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। इसी क्रम में दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने राजधानी के 16 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखने का निर्णय लिया है। हालांकि, राजीव चौक और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों के लिए इंटरचेंज सुविधा पहले की तरह उपलब्ध रहेगी।

पिछले कुछ दिनों से जंतर-मंतर और उसके आसपास प्रदर्शन जारी हैं। सोमवार को संसद कूच के दौरान हुई झड़पों और उसके बाद कनॉट प्लेस व आसपास के इलाकों में हुए हंगामे के मद्देनज़र प्रशासन ने सुरक्षा उपायों को और मजबूत किया है। इसी के तहत मेट्रो स्टेशनों पर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

DMRC के अनुसार, सुरक्षा कारणों से जिन स्टेशनों को अस्थायी रूप से बंद किया गया है, उनमें लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंबा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम शामिल हैं।

उधर, दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी है। विशेष रूप से राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय, पटेल चौक और बाराखंबा रोड मेट्रो स्टेशनों के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। यहां आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले मेट्रो सेवाओं की ताजा जानकारी अवश्य जांच लें और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। स्थिति सामान्य होने के बाद ही बंद स्टेशनों पर सेवाएं दोबारा शुरू की जाएंगी।