भारतीय हॉकी टीम ने आगामी FIH मेन्स हॉकी वर्ल्ड कप के लिए 20 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। अनुभवी डिफेंडर और स्टार ड्रैग-फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह को टीम की कप्तानी सौंपी गई है। वहीं, अनुभवी मिडफील्डर मनप्रीत सिंह टीम के मध्य क्षेत्र को मजबूती देंगे।
1975 में पहली बार हॉकी वर्ल्ड कप जीतने के बाद से भारतीय टीम इस प्रतिष्ठित खिताब का इंतजार कर रही है। अब 50 साल बाद टीम इंडिया एक बार फिर इतिहास दोहराने के इरादे से मैदान में उतरेगी। पेरिस ओलंपिक 2024 में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली भारतीय टीम की नजरें इस बार वर्ल्ड कप में बेहतर प्रदर्शन पर होंगी। हालांकि, हालिया FIH प्रो लीग में भारत का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा। यूरोपियन स्टेज में टीम ने 16 मैचों में चार जीत, पांच ड्रॉ और सात हार दर्ज की और नौ टीमों की तालिका में आठवें स्थान पर रही। वर्ल्ड कप में टीम इस प्रदर्शन को पीछे छोड़कर नई शुरुआत करना चाहेगी।
मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने चुनी गई टीम पर भरोसा जताते हुए कहा कि इसमें अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा प्रतिभाओं का अच्छा संतुलन है। टीम चयन हालिया प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। भारतीय टीम में गोलकीपिंग की जिम्मेदारी मोहित एचएस और सूरज करकेरा संभालेंगे। डिफेंस में हरमनप्रीत सिंह के साथ अमित रोहिदास, जुगराज सिंह और संजय जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं। मिडफील्ड में हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह और विवेक सागर प्रसाद अहम भूमिका निभाएंगे, जबकि आक्रमण की जिम्मेदारी मनदीप सिंह, दिलप्रीत सिंह और अभिषेक जैसे खिलाड़ियों पर होगी।


