Haryana National

जींद से पीएम मोदी का विकास संदेश, पहली हाइड्रोजन ट्रेन समेत 14,700 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के जींद से राज्य को विकास की कई बड़ी सौगातें देते हुए कहा कि आज जींद पूरे देश के लिए सुशासन और विकास का नया प्रतीक बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में हरियाणा ने तेज़ी से विकास किया है और केंद्र व राज्य की डबल इंजन सरकार इस गति को लगातार आगे बढ़ा रही है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने करीब 14,700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

कार्यक्रम का सबसे अहम आकर्षण भारत की पहली हाइड्रोजन ईंधन से चलने वाली ट्रेन रही, जिसे प्रधानमंत्री ने जींद से सोनीपत के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि जैसे देश में पहली रेलगाड़ी मुंबई और ठाणे के बीच चलने के कारण इतिहास में दर्ज है, उसी तरह भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के साथ अब जींद, सोनीपत और हरियाणा का नाम भी हमेशा याद रखा जाएगा। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में जींद से अपने पुराने संबंधों को भी याद किया। उन्होंने कहा कि संगठन के शुरुआती दिनों में उनका इस क्षेत्र से गहरा जुड़ाव रहा है और यहां के लोगों का स्नेह आज भी उनके लिए यादगार है।

इस दौरान प्रधानमंत्री ने 12,470 करोड़ रुपये से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। इनमें दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे का महत्वपूर्ण हिस्सा, अंबाला-काला अंब फोरलेन हाईवे और जींद-गोहाना ग्रीनफील्ड हाईवे शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से दिल्ली, अमृतसर, कटरा, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के बीच सड़क संपर्क बेहतर होगा, यात्रा का समय काफी कम होगा और उद्योग, पर्यटन तथा माल परिवहन को नई गति मिलेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि आधुनिक बुनियादी ढांचा विकसित भारत की मजबूत नींव है और सरकार इसी दिशा में लगातार काम कर रही है।