National

मानसून सत्र से पहले कांग्रेस का ऐलान, परिसीमन बिल का विरोध करेगी कांग्रेस

संसद का मानसून सत्र सोमवार से शुरू होने जा रहा है। इससे पहले कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि अगर सरकार परिसीमन बिल लाती है, तो पार्टी इसका विरोध करेगी। इस मुद्दे पर गुरुवार को दिल्ली में सोनिया गांधी की अध्यक्षता में कांग्रेस संसदीय दल की बैठक हुई।

बैठक के बाद कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि सरकार संसद में परिसीमन बिल ला सकती है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है, लेकिन कांग्रेस इसके खिलाफ रहेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर अन्य विपक्षी दलों के साथ मिलकर सरकार का विरोध करेगी।

जयराम रमेश ने सर्वदलीय बैठक को केवल औपचारिकता बताया। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी बात रखता है, लेकिन अंतिम फैसला सरकार ही करती है। कांग्रेस का कहना है कि संसद में आने वाले कई महत्वपूर्ण विधेयकों पर वह सरकार को घेरने की तैयारी कर रही है।

कांग्रेस ने यह भी कहा कि यदि सरकार ‘एक देश, एक चुनाव’, एफसीआरए संशोधन और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून में बदलाव जैसे प्रस्ताव लाती है, तो उनका भी विरोध किया जाएगा। बैठक में सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, शशि थरूर और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। माना जा रहा है कि मानसून सत्र के दौरान इन मुद्दों पर सरकार और विपक्ष के बीच जोरदार बहस देखने को मिल सकती है।