अगर आप जुलाई या अगस्त में दिल्ली घूमने की योजना बना रहे हैं और ऐतिहासिक लाल किले का दीदार करना चाहते हैं, तो अपनी यात्रा से पहले यह महत्वपूर्ण जानकारी जरूर जान लें। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर राजधानी का प्रतिष्ठित लाल किला 15 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगा।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी करते हुए बताया है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के चलते पूरे लाल किला परिसर में आम लोगों का प्रवेश एक महीने के लिए प्रतिबंधित रहेगा। यह निर्णय प्राचीन स्मारक एवं पुरातात्विक स्थल तथा अवशेष नियम, 1959 के नियम-5 के तहत लिया गया है। आदेश के अनुसार, 15 अगस्त को राष्ट्रीय समारोह समाप्त होने तक पर्यटक लाल किले का भ्रमण नहीं कर सकेंगे।
एएसआई के अधिकारियों के अनुसार, हर वर्ष स्वतंत्रता दिवस से पहले इसी प्रकार की व्यवस्था लागू की जाती है ताकि सुरक्षा एजेंसियां बिना किसी बाधा के समारोह की तैयारियां पूरी कर सकें। इस दौरान लाल किले में मंच निर्माण, सुरक्षा जांच, रिहर्सल और अन्य व्यवस्थाओं का कार्य किया जाता है।
यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल लाल किला भारत की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण प्रतीक है। वर्ष 1947 में देश की आजादी के बाद से हर 15 अगस्त को यहीं से भारत के प्रधानमंत्री राष्ट्र को संबोधित करते हैं और राष्ट्रीय ध्वज फहराते हैं। इस समारोह में केवल सरकार द्वारा जारी विशेष पास रखने वाले लोगों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाती है। ऐसे में यदि आपने आने वाले दिनों में लाल किला देखने की योजना बनाई है, तो अपनी यात्रा की तारीखों में बदलाव करना बेहतर रहेगा। 15 अगस्त के बाद ही यह ऐतिहासिक स्मारक दोबारा आम पर्यटकों के लिए खोला जाएगा।


