भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) ने वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) अभियान के तहत दिल्ली, पंजाब, तेलंगाना और कर्नाटक के लिए संशोधित कार्यक्रम जारी करते हुए विभिन्न चरणों की समय-सीमा बढ़ा दी है। आयोग के अनुसार, यह फैसला मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से पूरा करने के उद्देश्य से लिया गया है।दिल्ली में बूथ लेवल ऑफिसर्स (BLOs) द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन अब 29 जुलाई के बजाय 8 अगस्त तक किया जाएगा। इसके साथ ही ड्राफ्ट वोटर लिस्ट अब 17 अगस्त को प्रकाशित होगी, जबकि पहले इसे 5 अगस्त को जारी किया जाना था।
पंजाब में भी घर-घर सत्यापन की अंतिम तिथि 24 जुलाई से बढ़ाकर 3 अगस्त कर दी गई है। यहां ड्राफ्ट वोटर लिस्ट अब 13 अगस्त को जारी होगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची 12 अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी। तेलंगाना में संशोधित कार्यक्रम के अनुसार ड्राफ्ट वोटर लिस्ट 10 अगस्त को जारी होगी और अंतिम सूची 12 अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी। वहीं, कर्नाटक में BLOs का सत्यापन अभियान 8 अगस्त तक चलेगा। यहां ड्राफ्ट वोटर लिस्ट 17 अगस्त को जारी होगी, जबकि अंतिम सूची 19 अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी।
इससे पहले निर्वाचन आयोग हरियाणा और आंध्र प्रदेश के लिए भी SIR अभियान का संशोधित शेड्यूल जारी कर चुका है। ये सभी राज्य SIR के तीसरे चरण का हिस्सा हैं, जिसकी शुरुआत 14 मई से हुई थी।निर्वाचन आयोग का कहना है कि इस व्यापक अभियान का उद्देश्य देशभर की मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। तीसरे चरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को छोड़कर देश के अधिकांश राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान पूरा हो जाएगा। आयोग ने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक और तकनीकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए समय-सीमा में यह बदलाव किया गया है।


