देशभर में सक्रिय दक्षिण-पश्चिम मानसून के बीच जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में शनिवार शाम दो अलग-अलग स्थानों पर बादल फटने की घटनाओं ने भारी तबाही मचा दी। करीब एक घंटे के अंतराल में शंगुस और पहलगाम क्षेत्र में बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई, जिससे खेत, बाग-बगीचे, होटल और रिहायशी इलाके प्रभावित हुए। हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पहली घटना शंगुस के चटरगुल के ऊपरी क्षेत्र में हुई, जहां बादल फटने के बाद आरीपथ नाले का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। तेज बहाव के साथ कीचड़, पत्थर और मलबा नीचे के इलाकों में पहुंच गया, जिससे धान के खेत, सेब के बाग और कई कृषि भूमि को भारी नुकसान हुआ। कई स्थानों पर मलबा घरों के आसपास तक पहुंच गया, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
इसके लगभग एक घंटे बाद पहलगाम स्थित ओवेरा वन्यजीव अभयारण्य के पास भी बादल फट गया। इससे ओवेरा नाले में अचानक उफान आ गया और बाढ़ का पानी आसपास के होटल परिसरों तथा कुछ झोपड़ियों तक पहुंच गया। उस समय क्षेत्र में ठहरे पर्यटकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासन ने बताया कि समय रहते सभी पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया और किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।
घटना के बाद जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रखते हुए राहत और बचाव दलों को प्रभावित क्षेत्रों में तैनात कर दिया है। अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और फसलों व संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। खराब मौसम को देखते हुए स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। प्रशासन ने लोगों से नदियों, नालों और जल निकायों से दूर रहने तथा मौसम विभाग के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।


