देश में मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी से जुड़े कथित प्रश्नपत्र लीक मामलों के बाद केंद्र सरकार ने मैसेजिंग प्लेटफॉर्म टेलीग्राम के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सरकार ने गूगल और एप्पल को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने ऐप स्टोर से टेलीग्राम को हटाएं, जिससे नए उपयोगकर्ता फिलहाल इस ऐप को डाउनलोड नहीं कर सकेंगे।
सूत्रों के अनुसार, सरकार ने 22 जून तक टेलीग्राम को गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर से हटाने के निर्देश जारी किए थे। यह कदम राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) के दौरान प्रश्नपत्र लीक जैसी घटनाओं को रोकने की व्यापक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। नीट परीक्षा देशभर के मेडिकल कॉलेजों में स्नातक स्तर के प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है और इसकी जिम्मेदारी राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) के पास है। इसके अतिरिक्त, सरकार ने टेलीग्राम से भारत में पहले से भेजे गए संदेशों को संपादित करने की सुविधा 30 जून तक अस्थायी रूप से बंद करने को भी कहा है। अधिकारियों का मानना है कि इससे जांच एजेंसियों को डिजिटल साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ रोकने में मदद मिलेगी।
जानकारी के मुताबिक, प्रतिबंधात्मक कदम उठाने से पहले 3 जून को सरकारी अधिकारियों और टेलीग्राम के प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई थी, जिसमें परीक्षा सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं पर चर्चा की गई थी। इस बीच 21 जून को आयोजित नीट पुनर्परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और अब तक किसी बड़े गड़बड़ी या धोखाधड़ी की सूचना सामने नहीं आई है। हालांकि, टेलीग्राम के सीईओ पावेल ड्यूरोव ने इस कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि किसी ऐप पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने से प्रश्नपत्र लीक जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं निकलेगा।









