आमिर खान प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही फिल्म ‘बंटवारा 1947’ एक बार फिर सुर्खियों में है, जिसमें सनी देओल और प्रीति जिंटा लीड रोल में नजर आएंगे। फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है और इसे लेकर दर्शकों में पहले से ही खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मेकर्स ने हाल ही में फिल्म के कई बड़े सितारों के फर्स्ट लुक पोस्टर जारी किए हैं, जिससे इसकी स्टारकास्ट को लेकर नई जानकारी सामने आई है। इन सितारों में शबाना आजमी, करणवीर देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह जैसे कलाकार शामिल हैं, जो फिल्म में अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
‘मिर्जापुर’ में गुड्डू भैया के किरदार से लोकप्रिय हुए अली फजल इस फिल्म में लंबे बालों वाले नए लुक में दिखाई देंगे। वहीं शबाना आजमी के किरदार को लेकर अभी खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन उनका रोल महत्वपूर्ण बताया जा रहा है। सनी देओल के बेटे करणवीर देओल भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं, जिनका फर्स्ट लुक पहले ही सामने आ चुका है। फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी कर रहे हैं, जबकि पहले इसका नाम ‘लाहौर 1947’ रखा गया था, जिसे बाद में बदलकर ‘बंटवारा 1947’ कर दिया गया। इसी बीच बॉक्स ऑफिस पर बड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा, क्योंकि 14 अगस्त को ही इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ भी रिलीज हो रही है।









