मुंबई पर हुए 26/11 आतंकी हमलों के दौरान असाधारण साहस दिखाने वाली नर्स अंजलि कुलथे की प्रेरणादायक कहानी अब बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी। अभिनेत्री कंगना रनौत अपनी आगामी फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ में अंजलि कुलथे से प्रेरित किरदार निभाती नजर आएंगी। हाल ही में रिलीज हुए फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और फिल्म को देश के स्वास्थ्यकर्मियों को समर्पित एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि माना जा रहा है।
26 नवंबर 2008 को जब आतंकवादी अजमल कसाब और उसका साथी मुंबई में आतंक मचा रहे थे, तब वे छत्रपति शिवाजी टर्मिनस से आगे बढ़कर कामा अस्पताल के आसपास भी पहुंचे थे। उस भयावह माहौल में अस्पताल में तैनात नर्स अंजलि कुलथे ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए करीब 20 गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। उन्होंने सभी को एक कमरे में छिपाकर लाइटें बंद कर दीं और घंटों तक उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की, जबकि बाहर आतंकियों का खतरा मंडरा रहा था।
हमले के बाद अंजलि कुलथे जांच और न्यायिक प्रक्रिया में भी महत्वपूर्ण गवाह बनीं और उन्होंने अजमल कसाब के खिलाफ अदालत में गवाही दी। उनके साहस और कर्तव्यनिष्ठा ने उन्हें देशभर में सम्मान दिलाया। अब उनकी इसी बहादुरी की कहानी को फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ के जरिए दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा। फिल्म 12 जून को रिलीज होने वाली है और इसे 26/11 हमलों के दौरान मानवता और साहस की मिसाल बने लोगों को समर्पित बताया जा रहा है।









