Bihar

पटना फायरिंग केस में खान सर की बढ़ीं मुश्किलें, आर्म्स एक्ट के तहत FIR दर्ज

पटना के चर्चित खान ग्लोबल स्टडीज (KGS) कोचिंग संस्थान में हुई तोड़फोड़, पथराव और कथित फायरिंग की घटना ने नया मोड़ ले लिया है। मामले में कोचिंग संस्थान के संचालक फैजल खान उर्फ खान सर के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब इस पूरे प्रकरण में उनसे पूछताछ की तैयारी कर रही है और इसके लिए विशेष टीम का गठन भी किया गया है। घटना के बाद खान सर ने आरोप लगाया था कि प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान से जुड़े लोगों ने उनके सामने फायरिंग की थी। हालांकि बाद में उन्होंने अपने बयान में बदलाव करते हुए कहा कि फायरिंग हुई थी या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकती है। इसी बीच सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में खान ग्लोबल स्टडीज के दो सुरक्षा गार्ड कथित तौर पर हवाई फायरिंग करते नजर आए।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार किए गए दोनों गार्डों ने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया है कि तोड़फोड़ और पथराव के बाद उन्होंने बचाव में हवाई फायरिंग की थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके हथियार जब्त कर लिए हैं और फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं। इसके आधार पर दहशत फैलाने और अवैध हथियार उपयोग के आरोपों में अलग मामला भी दर्ज किया गया है। दूसरी ओर, प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान के प्रतिनिधियों ने खान सर पर ही पूरी घटना की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि फायरिंग की कहानी गढ़कर मामले को दूसरी दिशा देने की कोशिश की गई। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और फॉरेंसिक रिपोर्ट व पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।