Entertainment

जून के पहले हफ्ते में OTT पर मनोरंजन का धमाका, ‘गुल्लक 5’ से लेकर ‘धुरंधर 2’ तक कई बड़ी रिलीज

जून 2026 का पहला हफ्ता ओटीटी दर्शकों के लिए खास होने वाला है। अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई नई फिल्में और वेब सीरीज रिलीज होने जा रही हैं, जिनमें कॉमेडी, क्राइम, थ्रिलर, रोमांस और फैमिली ड्रामा का भरपूर तड़का देखने को मिलेगा। दर्शकों को इस सप्ताह बहुप्रतीक्षित सीरीज ‘गुल्लक 5’ और फिल्म ‘धुरंधर 2’ समेत कई नए कंटेंट देखने को मिलेंगे।

  1. 2 जून को जियो हॉटस्टार पर ‘नॉट सूटेबल फॉर वर्क’ रिलीज होगी, जो पांच युवाओं की जिंदगी, करियर और रिश्तों के संघर्ष की कहानी दिखाएगी। वहीं 3 जून को एमएक्स प्लेयर पर ‘मेड इन इंडिया: अ टाइटन स्टोरी’ स्ट्रीम होगी, जिसमें टाइटन ब्रांड के सफर को दिखाया जाएगा। सीरीज में नसीरुद्दीन शाह और जिम सार्भ अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
  2. 4 जून को नेटफ्लिक्स पर माधुरी दीक्षित की क्राइम-कॉमेडी फिल्म मां बहन’ रिलीज होगी। फिल्म में तृप्ति डिमरी और धरना दुर्गा भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। कहानी एक ऐसे परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी जिंदगी उस वक्त उलझ जाती है जब उनके घर के किचन में एक लाश मिलती है।
  3. 5 जून को सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाली रिलीज धुरंधर 2’ होगी, जो भारत में जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणवीर सिंह, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और संजय दत्त जैसे सितारे नजर आएंगे। इसी दिन सोनी लिव पर लोकप्रिय फैमिली ड्रामा गुल्लक 5’ भी रिलीज होगा, जिसमें मिश्रा परिवार एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करता दिखेगा।
  4. इसके अलावा 5 जून को जी5 पर ममूटी की पॉलिटिकल स्पाई-थ्रिलर ‘पैट्रियट’ भी दस्तक देगी। वहीं नेटफ्लिक्स पर रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ‘ऑफिस रोमांस’ रिलीज होगी, जिसमें एक कॉर्पोरेट CEO और उसके वकील के बीच पनपती प्रेम कहानी दिखाई जाएगी। कुल मिलाकर जून का पहला सप्ताह ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर मनोरंजन से भरपूर रहने वाला है।