हिमाचल प्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग ने उन शिक्षकों, प्रधानाचार्यों और अन्य शैक्षणिक स्टाफ के खिलाफ सख्त कदम उठाने की तैयारी शुरू कर दी है, जिनके स्कूलों का बोर्ड परीक्षा परिणाम लगातार खराब रहा है। विभाग ने निर्देश जारी कर जिला उपनिदेशकों को ऐसे स्कूलों और कर्मचारियों की सूची तैयार करने को कहा है, जिनका प्रदर्शन निर्धारित मानकों से कम रहा है।
जानकारी के अनुसार, प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा हाल ही में 10वीं और 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित किए जाने के बाद यह कार्रवाई तेज हुई है। विभाग अब उन स्कूलों की पहचान कर रहा है, जिनका परिणाम संतोषजनक नहीं रहा। इनमें प्रधानाचार्य, मुख्याध्यापक, प्रवक्ता, टीजीटी और सी एंड वी श्रेणी के शिक्षक शामिल होंगे। पिछले वर्ष ऐसे शिक्षकों को केवल चेतावनी दी गई थी, लेकिन इस बार विभाग ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि खराब प्रदर्शन पर इन्क्रीमेंट रोकी जा सकती है। इसके साथ ही संबंधित कर्मचारियों की सर्विस बुक में भी प्रविष्टि दर्ज की जाएगी, जिससे उनके करियर पर असर पड़ सकता है।
शिक्षा निदेशालय ने सभी स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणामों का विस्तृत विश्लेषण तैयार करें और उसे निर्धारित प्रारूप में जिला कार्यालय तथा निदेशालय को समय पर भेजें। साथ ही, वर्ष 2010, 2011 और 2014 में जारी परिणाम मूल्यांकन नीतियों का अध्ययन करने पर भी जोर दिया गया है। विभाग का कहना है कि कमजोर परिणामों के मामलों में नियमों के अनुसार जिम्मेदारी तय की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जिला शिमला सहित सभी जिलों के स्कूलों को इस प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस कदम का उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना और स्कूल स्तर पर जवाबदेही को मजबूत करना बताया जा रहा है।









