पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों की मतगणना पूरी होने के बाद आज शाम तक परिणाम सामने आ जाएंगे। भारत निर्वाचन आयोग ने इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं, जबकि राजनीतिक दल भी जश्न और निगरानी दोनों के लिए पूरी तरह सक्रिय हैं। मतगणना प्रक्रिया बेहद व्यवस्थित और नियमों के तहत होती है। मतगणना से एक दिन पहले जिला निर्वाचन अधिकारी, पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में कर्मचारियों की ड्यूटी, समय और जिम्मेदारियां तय कर देते हैं। दूसरी ओर, राजनीतिक दल भी अपने एजेंट्स को मतगणना केंद्रों पर तैनात करते हैं ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
मतदान के बाद ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा जाता है, जिसकी निगरानी केंद्रीय बल करते हैं। मतगणना के दिन इन कमरों की सील उम्मीदवारों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में जांची जाती है। सुबह 8 बजे से गिनती शुरू होती है, जिसमें सबसे पहले पोस्टल बैलेट गिने जाते हैं। इसके बाद ईवीएम के वोट राउंड के आधार पर गिने जाते हैं और हर राउंड के बाद आंकड़े अपडेट किए जाते हैं। पोस्टल बैलेट खास भूमिका निभाते हैं, क्योंकि इनमें सेवा मतदाता और सरकारी कर्मचारी शामिल होते हैं।
ईवीएम की गिनती पूरी होने के बाद वीवीपैट पर्चियों का मिलान किया जाता है, जिससे प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित होती है। शुरुआती रुझान जल्दी आने लगते हैं, लेकिन अंतिम परिणाम सभी राउंड पूरे होने के बाद ही घोषित होते हैं। अगर दो उम्मीदवारों के वोट बराबर हो जाएं, तो नियमों के तहत लॉटरी के जरिए फैसला किया जा सकता है। वहीं, उम्मीदवार चाहें तो पुनर्गणना की मांग भी कर सकते हैं। अंत में रिटर्निंग ऑफिसर विजेता की आधिकारिक घोषणा करते हैं और प्रमाण पत्र सौंपते हैं। पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी और पर्यवेक्षकों की निगरानी में होती है, जिससे निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित रहती है।









