Chandigarh National

चंडीगढ़ में 2154 करोड़ की लागत से बनेगा अत्याधुनिक क्षेत्रीय चिकित्सा केंद्र, ट्राइसिटी को मिलेगी बड़ी राहत

चंडीगढ़ में मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या और सरकारी अस्पतालों पर पड़ रहे दबाव को देखते हुए केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन ने एक बड़ी स्वास्थ्य परियोजना को मंजूरी दी है। इसके तहत सेक्टर-53 में 13.6 एकड़ भूमि पर 2,154 करोड़ रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक क्षेत्रीय चिकित्सा केंद्र (रीजनल मेडिकल सेंटर) स्थापित किया जाएगा। यह निर्णय पंजाब के राज्यपाल एवं केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासक की स्वीकृति के बाद लिया गया है और अब इसे केंद्र सरकार की अंतिम मंजूरी के लिए भेजा गया है।

इस परियोजना के तहत लगभग 1,704 करोड़ रुपये भवन निर्माण और बुनियादी ढांचे पर खर्च किए जाएंगे, जबकि 450 करोड़ रुपये आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और तकनीकी सुविधाओं के लिए निर्धारित हैं। यह प्रस्तावित केंद्र 1000 बिस्तरों की क्षमता वाला होगा, जिसमें 500 बिस्तर विशेष रूप से महिला और बाल रोग सेवाओं के लिए और शेष 500 बिस्तर आपातकालीन और सुपर स्पेशियलिटी उपचार के लिए उपलब्ध रहेंगे।

इस अस्पताल में हृदय रोग, न्यूरोलॉजी, किडनी, पाचन तंत्र सहित कई गंभीर बीमारियों के लिए उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही इसे चिकित्सा शिक्षा और शोध के एक प्रमुख केंद्र के रूप में भी विकसित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में विशेषज्ञ डॉक्टरों और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा।

वर्तमान में चंडीगढ़ और आसपास के सरकारी अस्पतालों में बिस्तरों की भारी कमी के कारण मरीजों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार एक ही बिस्तर पर एक से अधिक मरीजों का इलाज करने की स्थिति बन जाती है। यह नया चिकित्सा केंद्र न केवल चंडीगढ़ बल्कि मोहाली, पंचकूला, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के लाखों लोगों के लिए बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं का बड़ा आधार बनेगा और मौजूदा अस्पतालों पर दबाव को काफी हद तक कम करेगा।