जयपुर स्थित राजस्थान विधानसभा को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। एक अज्ञात ईमेल के जरिए मिली इस धमकी में दावा किया गया है कि आज दोपहर 1 बजे विधानसभा परिसर में विस्फोट किया जाएगा।
धमकी भरा संदेश सामने आते ही तुरंत सुरक्षा व्यवस्था को अलर्ट मोड पर डाल दिया गया। विधानसभा परिसर को खाली करवा लिया गया और सभी अधिकारियों, कर्मचारियों तथा मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद परिसर के मुख्य द्वार को बंद कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया।
बम निरोधक दस्ता (BDDS), डॉग स्क्वाड और विशेष कमांडो टीमों को मौके पर तैनात किया गया है। सुरक्षा बल गार्डन, पार्किंग एरिया, गलियारों और हर संवेदनशील स्थान की बारीकी से जांच कर रहे हैं। किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया गया है और आम लोगों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई है।
प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल को जांच में लगाया है। तकनीकी टीम उस ईमेल की जांच कर रही है, जिससे धमकी भेजी गई थी, ताकि प्रेषक की पहचान की जा सके।गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले भी विधानसभा को इसी तरह की धमकी मिल चुकी है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है। बार-बार मिल रही इन धमकियों ने इंटेलिजेंस सिस्टम की सतर्कता को और बढ़ा दिया है। फिलहाल स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है और सुरक्षा बल पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान जारी रखे हुए हैं।









