Technology World

ब्लू ओरिजिन की लॉन्चिंग में तकनीकी खराबी, ‘ब्लूबर्ड 7’ उपग्रह तय कक्षा तक नहीं पहुंचा

अमेरिकी अंतरिक्ष कंपनी Blue Origin के हालिया मिशन में बड़ी तकनीकी गड़बड़ी सामने आई है। कंपनी द्वारा लॉन्च किया गया एएसटी स्पेसमोबाइल का ‘ब्लूबर्ड 7’ संचार उपग्रह अपनी निर्धारित कक्षा तक नहीं पहुंच सका, जिसके चलते मिशन आंशिक रूप से विफल रहा और अंततः उपग्रह को निष्क्रिय करने का निर्णय लिया गया। यह प्रक्षेपण न्यू ग्लेन रॉकेट के जरिए फ्लोरिडा के केप कैनावेरल से किया गया था।

लॉन्च के दौरान रॉकेट का पहला चरण सफल रहा और बूस्टर अटलांटिक महासागर में मौजूद एक ड्रोन शिप पर सुरक्षित उतर गया, लेकिन दूसरा चरण अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सका। इसी वजह से उपग्रह पृथ्वी की लो अर्थ ऑर्बिट में सही ऊंचाई तक नहीं पहुंच पाया और उसकी कार्यक्षमता प्रभावित हो गई। एएसटी स्पेसमोबाइल के अनुसार, उपग्रह लॉन्च के बाद अलग होकर सक्रिय तो हो गया था, लेकिन कम ऊंचाई के कारण उसका थ्रस्टर प्रभावी रूप से काम नहीं कर सका। इसी कारण अब उसे कक्षा से हटाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

इससे पहले भारत के LVM3 रॉकेट के जरिए इसी कंपनी का ‘ब्लूबर्ड 6’ उपग्रह सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया था। इस घटना के बाद अमेरिकी संघीय विमानन प्रशासन (FAA) ने विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं और न्यू ग्लेन रॉकेट की अगली उड़ान पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। कंपनी के सीईओ ने कहा है कि दूसरे चरण के इंजन में तकनीकी कमी के कारण मिशन पूरा नहीं हो सका और भविष्य में आवश्यक सुधार के बाद फिर से उड़ानें शुरू की जाएंगी।