Lifestyle

भारत की खूबसूरत ट्रेकिंग चोटियां, जहां एक बार जरूर जाना चाहिए

घूमना-फिरना हर किसी को पसंद होता है। जैसे ही थोड़ा समय मिलता है, लोग बैग पैक करके नई जगहों की तलाश में निकल पड़ते हैं। कुछ लोग पहाड़ों की ठंडी वादियों में सुकून ढूंढते हैं, तो कुछ समुद्र किनारे आराम के पल बिताना पसंद करते हैं। यात्रा न केवल हमें नई जगहों से परिचित कराती है, बल्कि मन को भी शांति देती है। भारत में ऐसी कई मनमोहक जगहें हैं, जिनकी सुंदरता हर किसी को आकर्षित करती है। खासतौर पर एडवेंचर के शौकीन लोग ट्रेकिंग का अनुभव लेना पसंद करते हैं। आमतौर पर जब खूबसूरत पहाड़ी इलाकों की बात होती है, तो सबसे पहले हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड का नाम लिया जाता है।

हालांकि, इन राज्यों के अलावा भी देश में कई ऐसी शानदार चोटियां मौजूद हैं, जहां ट्रेकिंग का अनुभव अविस्मरणीय हो सकता है। कहा जाता है कि इन जगहों की सुंदरता स्वर्ग जैसी प्रतीत होती है। आइए जानते हैं ऐसी ही कुछ खास चोटियों के बारे में—

कलसूबाई पीक, महाराष्ट्र

महाराष्ट्र के नासिक जिले में स्थित कलसूबाई पीक अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जानी जाती है। करीब 5400 फीट की ऊंचाई पर स्थित यह चोटी ट्रेकर्स के बीच काफी लोकप्रिय है। इसकी यात्रा बारी गांव से शुरू होती है, जहां से आगे लोहे की सीढ़ियों के सहारे चढ़ाई करनी पड़ती है। ऊपर पहुंचने पर चारों ओर का नजारा बेहद रोमांचक और दिल को छू लेने वाला होता है।

नेत्रावती पीक, कर्नाटक

कर्नाटक की नेत्रावती पीक भी ट्रेकिंग प्रेमियों के लिए एक शानदार जगह है। यहां पहुंचने के लिए लगभग 6 किलोमीटर का ट्रेक करना पड़ता है। रास्ते में हरियाली से भरपूर पहाड़ और प्राकृतिक दृश्य देखने को मिलते हैं। शिखर पर पहुंचने के बाद जो दृश्य दिखाई देता है, वह बेहद मनमोहक होता है।

कोलुक्कुमलाई पीक, तमिलनाडु

तमिलनाडु में स्थित कोलुक्कुमलाई पीक अपनी खासियत के लिए जानी जाती है, हालांकि इसकी ट्रेकिंग केरल के इडुक्की जिले से शुरू होती है। यहां का सूर्योदय देखने लायक होता है। अगर आप इस खूबसूरत नजारे का आनंद लेना चाहते हैं, तो आपको सुबह करीब 3 बजे ही ट्रेक के लिए निकलना होगा।