भारत से हज 2026 यात्रा का आधिकारिक शुभारंभ शनिवार को हो गया। इस अवसर पर दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 371 हज यात्रियों का पहला जत्था सऊदी अरब के पवित्र शहर मक्का के लिए रवाना हुआ। पूरे कार्यक्रम के दौरान एयरपोर्ट पर भावनात्मक माहौल देखने को मिला, जहां परिजनों ने श्रद्धालुओं को नम आंखों से विदाई दी। इस मौके पर दिल्ली हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहां भी मौजूद रहीं। उन्होंने हज यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह यात्रा हर मुसलमान के जीवन का अत्यंत पवित्र और महत्वपूर्ण क्षण होता है। उन्होंने बताया कि सरकार लगातार हज यात्रियों के लिए सुविधाओं में सुधार कर रही है, ताकि उनकी यात्रा सुरक्षित, सहज और व्यवस्थित हो सके।
मीडिया से बातचीत में कौसर जहां ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हज यात्रियों के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है और सरकार यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है कि तीर्थयात्रा सभी के लिए आसान और सुगम बने। यात्रा पर रवाना होने से पहले कई जायरीन भावुक नजर आए। एक यात्री एमडी जीशान ने कहा कि यह उनके लिए अल्लाह का बुलावा है और वह इस पवित्र अवसर के लिए आभारी हैं। उन्होंने सभी से धैर्य और एक-दूसरे की मदद करने की अपील की। वहीं, एक अन्य यात्री एमडी काशिफ ने इस अवसर को जीवन का सौभाग्य बताते हुए शांति और एकता के लिए प्रार्थना करने की बात कही।
इसी बीच कश्मीर से भी हज यात्रियों का पहला जत्था रवाना हुआ। बेमीना हज हाउस से तीन उड़ानों के जरिए कुल 431 तीर्थयात्री सऊदी अरब के लिए निकले, जिनमें 230 पुरुष और 201 महिलाएं शामिल हैं। इन उड़ानों के साथ ही भारत से हज 2026 की औपचारिक शुरुआत हो गई है। आने वाले दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों से हजारों श्रद्धालु मक्का और मदीना के लिए रवाना होंगे और इस पवित्र यात्रा का हिस्सा बनेंगे।









