भारत में लॉन्च से पहले ही MG Majestor ने अपनी ताकत का शानदार प्रदर्शन करते हुए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में जगह बना ली है। इस SUV ने जम्मू-कश्मीर में काकापोरा और अवंतीपोरा रेलवे स्टेशनों के बीच 406.4 टन वजनी ट्रेन को 300 फीट तक खींचकर नया रिकॉर्ड कायम किया। इस ट्रेन में WAG-9HC लोकोमोटिव के साथ यात्री और गार्ड कोच शामिल थे। इस उपलब्धि के साथ मैजेस्टर ने गिनीज के 400 टन और 100 फीट के मानकों को पार कर एक नया बेंचमार्क स्थापित किया है।
कंपनी के अनुसार, इस रिकॉर्ड को पूरी तरह प्रोफेशनल तरीके से अंजाम दिया गया, जिसमें ट्रेन का वजन, ट्रैक की स्थिति और दूरी जैसे सभी पहलुओं को गिनीज के नियमों के अनुसार जांचा गया। खास बात यह रही कि इस टेस्ट के लिए इस्तेमाल की गई SUV पूरी तरह स्टैंडर्ड मॉडल थी, जिसमें इंजन या ड्राइवट्रेन में कोई बदलाव नहीं किया गया। केवल ट्रैक पर सही दिशा में चलाने के लिए रेल व्हील्स जोड़े गए थे।
तकनीकी रूप से भी यह SUV काफी दमदार है। इसमें 2.0-लीटर ट्विन-टर्बो डीजल इंजन दिया गया है, जो 212.5 बीएचपी की पावर और 478.5 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। इसके साथ 8-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन और एडवांस 4WD सिस्टम मिलता है, जिसमें 10 अलग-अलग ऑफ-रोड मोड्स शामिल हैं। साथ ही, ट्रिपल डिफरेंशियल लॉक जैसी खास तकनीक इसे अपने सेगमेंट में अलग बनाती है। इस रिकॉर्ड के जरिए एमजी मोटर ने यह साबित करने की कोशिश की है कि मैजेस्टर SUV भारी से भारी लोड को संभालने में सक्षम है। यह उपलब्धि न केवल इसकी ताकत और इंजीनियरिंग को दर्शाती है, बल्कि भारतीय बाजार में इसकी मजबूत एंट्री का संकेत भी देती है।









