सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL जल्द ही यूजर्स के लिए CNAP (Caller Name Presentation) सर्विस लॉन्च करने जा रही है। इंटीग्रेशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगले 3-4 महीनों में इस सेवा का देशभर में रोलआउट किया जाएगा, जिससे यूजर्स को अनजान नंबर से आने वाली कॉल की पहचान करना आसान हो जाएगा। CNAP सर्विस के जरिए यूजर्स को कॉल करने वाले व्यक्ति का नाम स्क्रीन पर दिखाई देगा, भले ही नंबर फोन में सेव न हो। यह सुविधा Truecaller जैसी होगी, लेकिन इससे ज्यादा सटीक मानी जा रही है क्योंकि इसमें नाम सीधे KYC के दौरान टेलीकॉम कंपनियों के पास दर्ज आधिकारिक रिकॉर्ड से लिया जाएगा।
दरअसल, थर्ड-पार्टी ऐप्स क्राउडसोर्स्ड डेटा पर निर्भर करती हैं, जिससे कई बार गलत जानकारी सामने आ सकती है। वहीं CNAP में दिखने वाला नाम वही होगा जो सिम कार्ड लेते समय दर्ज कराया गया था, जिससे भरोसेमंद पहचान संभव होगी। स्पैम कॉल और ऑनलाइन स्कैम के बढ़ते मामलों को देखते हुए इस सेवा को शुरू करने की तैयारी की जा रही है। माना जा रहा है कि CNAP के आने से फर्जी कॉल्स और धोखाधड़ी पर काफी हद तक रोक लगाने में मदद मिलेगी।









