Jharkhand National

झारखंड: स्वर्णरेखा नदी में मिला 227 किलो का बम, निष्क्रिय करने में जुटी भारतीय सेना

घाटशिला क्षेत्र के बहरागोड़ा स्थित नागुरसाई पानी पूरा गांव के पास स्वर्णरेखा नदी में बालू खनन के दौरान एक अत्यंत शक्तिशाली बम मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। करीब 227 किलोग्राम वजनी इस बम को निष्क्रिय करने की जिम्मेदारी अब भारतीय सेना ने संभाल ली है।

मंगलवार को सेना के अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल धर्मेंद्र सिंह और कैप्टन आयुष कुमार सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बम की संरचना, आकार और संभावित खतरे का विस्तृत आकलन किया। बम की तीव्र मारक क्षमता को देखते हुए इसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने के लिए विशेष रणनीति अपनाई जा रही है।

सेना ने बम के आसपास करीब 10 फीट गहरा गड्ढा तैयार कराने और सैकड़ों बालू भरी बोरियों से घेरा बनाने का काम शुरू किया है, ताकि विस्फोट की स्थिति में दबाव को नियंत्रित किया जा सके। इसके साथ ही 1.5 किलोमीटर के दायरे को पूरी तरह सील करने की तैयारी की गई है।

इसी दौरान पास के गांव से एक और बम भी बरामद हुआ, जिसे ग्रामीण नदी से उठाकर ले आए थे। सुरक्षा के मद्देनजर भारतीय वायु सेना भी सतर्क है और पश्चिम बंगाल के कलाईकुंडा एयरबेस से लड़ाकू विमान लगातार निगरानी कर रहे हैं। सेना और प्रशासन की सक्रियता से अब क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।