हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में ₹5 की बढ़ोतरी को लेकर कड़ा हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का पहले लोकप्रिय “खटाखट मॉडल” अब “खटारा मॉडल” बन गया है और जनता के हित में कांग्रेस को इस जनविरोधी निर्णय को तुरंत वापस लेना चाहिए।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार की तरफ़ से पेट्रोल-डीजल की कीमतों में ₹5 की बढ़ोतरी आम आदमी की जेब पर सीधे हमला है। इस बढ़ोतरी से हिमाचलवासियों पर सालाना ₹1000 करोड़ से अधिक का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने यह भी बताया कि पहले दो बार वैट बढ़ाने के बाद अब 5 रुपये का सेस लगाया गया है, यानी कुल ₹15 रुपये का भार आम जनता पर डाला गया है।
सांसद ठाकुर ने कहा, “कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के महज दो महीनों में वैट में लगातार वृद्धि की गई। डीजल पर वैट बढ़ाकर 10.40 रुपये कर दिया गया और इसके अतिरिक्त 5 रुपये का सेस भी लगाया गया। यह पहली ऐसी सरकार है जिसने आम आदमी की जेब पर तीन बार हमला किया। हिमाचल के इतिहास की यह सबसे विफल सरकार है, जिसने प्रदेश के हर वर्ग को ठगने और महंगाई का बोझ डालने का काम किया है।”
उन्होंने आगे कहा कि ट्रक ड्राइवर, किसान, व्यापारी और आम आदमी पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों से कराह रहे हैं, लेकिन सरकार स्थिति पर ध्यान नहीं दे रही। इस निर्णय से प्रदेश में महंगाई की मार बढ़ने की पूरी संभावना है। ठाकुर ने राज्य सरकार पर वित्तीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा, “हिमाचल पर कुल कर्ज 1 लाख 4 हजार करोड़ रुपये की चिंताजनक स्थिति में पहुँच चुका है। इस सरकार ने मात्र तीन साल में 46 हजार करोड़ रुपये का कर्ज ले लिया। कांग्रेस सरकार हिमाचल में मित्रों की मौज और जनता पर टैक्स व कर्ज की मार डालने वाली सरकार बन चुकी है।









