प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम दौरे के दौरान पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किश्त जारी की है। इसके तहत लाभार्थी किसानों के खाते में 2000-2000 रुपए की राशि जमा कर दी गई है। इस योजना के माध्यम से अब तक कुल 18,640 करोड़ रुपए किसानों को दिए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि अंतरराष्ट्रीय संकटों और आपदाओं का असर किसानों पर न पड़े। यूरिया जैसी कृषि सामग्री अंतरराष्ट्रीय बाजार में महंगी होने के बावजूद किसानों को सस्ती दर पर उपलब्ध कराई जा रही है।
केंद्र सरकार ने किसानों की आत्मनिर्भरता और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए सोलर पंप जैसी योजनाओं पर भी काम किया है। पीएम मोदी ने मंच से कांग्रेस और पूर्व पीएम पंडित जवाहरलाल नेहरू पर भी निशाना साधा, कहा कि उनकी सरकार में वैश्विक संकटों का असर किसानों पर ज्यादा पड़ता था, लेकिन एनडीए सरकार में ऐसा नहीं होगा। योजना का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा जिन्होंने अपने खाते की KYC पूरी करवाई है।









