Entertainment

मसूरी में गूंजेगी कुलदीप यादव की शादी की शहनाई, चहल-रिंकू समेत कई क्रिकेटर पहुंचे

टीम इंडिया के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव की शादी की रस्में आज से उत्तराखंड के मसूरी में शुरू हो गई हैं। कुलदीप अपनी मंगेतर वंशिका के साथ 14 मार्च को सात फेरे लेंगे। शादी समारोह मसूरी के प्रसिद्ध ‘वेलकम होटल द सेवॉय’ में आयोजित किया गया है और कार्यक्रम 17 मार्च तक चलेंगे। शादी में शामिल होने के लिए भारतीय क्रिकेट टीम के कई खिलाड़ी और स्टाफ सदस्य मसूरी पहुंच चुके हैं। टीम इंडिया के स्टार लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल को देहरादून एयरपोर्ट के बाहर स्पॉट किया गया। चहल ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वह अपने “भाई” की शादी को लेकर बेहद उत्साहित हैं और समारोह में जमकर नाचने वाले हैं।

इसके अलावा टीम इंडिया के विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह भी शादी में शामिल होने पहुंचे हैं। उनके साथ भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार भी समारोह का हिस्सा बनने के लिए मसूरी पहुंचे। कुलदीप यादव इन दोनों खिलाड़ियों के साथ टीम इंडिया के अलावा उत्तर प्रदेश की घरेलू टीम के लिए भी क्रिकेट खेल चुके हैं। भारतीय टीम के फील्डिंग कोच टी. दिलीप भी इस खास मौके पर मौजूद रहेंगे। उन्हें भी देहरादून एयरपोर्ट पर देखा गया। उन्होंने कहा कि कुलदीप उनके अच्छे दोस्त हैं और उनकी खुशी में शामिल होना बेहद खास है। कुलदीप यादव की शादी को लेकर क्रिकेट जगत में उत्साह का माहौल है और आने वाले दिनों में कई और क्रिकेटरों के समारोह में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।