World

दुबई एयरपोर्ट पर ड्रोन हमला: भारतीय समेत चार लोग घायल, हवाई यातायात प्रभावित

दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार को ड्रोन हमले में एक भारतीय समेत चार लोग घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार, सुबह दो ड्रोन एयरपोर्ट के आसपास गिरे, जिससे दो घाना नागरिक और एक बांग्लादेशी नागरिक भी मामूली रूप से घायल हुए। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुट गई हैं, लेकिन हवाई यातायात सामान्य रूप से जारी है।

दुबई एयरपोर्ट्स ने एडवाइजरी जारी कर यात्रियों से कहा है कि वे तब तक एयरपोर्ट न जाएं जब तक उनकी फ्लाइट की पुष्टि न हो। 7 मार्च से दोनों एयरपोर्ट पर उड़ानों का आंशिक संचालन शुरू कर दिया गया है। उड़ानों में 60 से 90 मिनट की देरी देखी जा रही है और शेड्यूल लगातार बदल रहा है। इससे पहले 1 मार्च को भी दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के एक हिस्से पर ड्रोन हमला हुआ था, जिसमें चार कर्मचारी घायल हुए थे। एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि इमरजेंसी प्लान के तहत यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

ईरानी हमलों के कारण 28 फरवरी से मिडिल ईस्ट के सात प्रमुख एयरपोर्ट्स पर 40,000 से अधिक फ्लाइट्स प्रभावित हुई हैं, जिनमें दुबई इंटरनेशनल, अबू धाबी, दोहा, शारजाह, कुवैत, बहरीन और दुबई वर्ल्ड सेंट्रल शामिल हैं। अब तक 51,600 से अधिक उड़ानों पर असर पड़ा है। फ्लाइट्स कैंसिल या रीशेड्यूल होने से एक समय में लगभग 20,200 यात्री प्रभावित हुए हैं। यह कोरोना महामारी के बाद से हवाई यात्रा में सबसे बड़ी रुकावट साबित हुई है।