मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के असर को देखते हुए केंद्र सरकार ने घरेलू गैस (LPG) की बुकिंग नीति में बड़ा बदलाव किया है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने एलपीजी सिलेंडर बुकिंग के बीच न्यूनतम अंतर को 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया है। इसका मकसद ब्लैक मार्केटिंग और स्टॉक जमाने की प्रवृत्ति को रोकना है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल घरेलू गैस और पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है।
हाल ही में मंत्रालय ने पहले ही बुकिंग अंतर को 15 दिन से 21 दिन किया था, लेकिन अब इसे और बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है। इसका मतलब है कि एक ग्राहक दो सिलेंडर बुक करने के बीच कम से कम 24 दिन इंतजार करेगा।
वहीं, एलपीजी की कीमतों में भी वृद्धि हुई है। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली में 14.2 किलोग्राम का गैर-सब्सिडी वाला सिलेंडर अब 913 रुपये में उपलब्ध होगा, जो पहले 853 रुपये में बिकता था। यह इस साल एलपीजी कीमतों में दूसरी बढ़ोतरी है, पिछली बार अप्रैल में 50 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।
अन्य प्रमुख शहरों में भी नई कीमतें लागू हो गई हैं: मुंबई में 912.50 रुपये, कोलकाता में 939 रुपये और चेन्नई में 928.50 रुपये। उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त एलपीजी कनेक्शन पाने वाले गरीब परिवारों को अब भी 14.2 किलोग्राम के प्रत्येक सिलेंडर पर 300 रुपये की सब्सिडी मिलती रहेगी।
वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भी बढ़ोतरी की गई है। होटल और रेस्तरां में इस्तेमाल होने वाले 19 किलोग्राम के सिलेंडर की कीमत दिल्ली में अब 1,883 रुपये हो गई है। इस साल वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत में कुल 302.50 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है।









