Politics West Bengal

बंगाल में अमित शाह का ऐलान- बीजेपी सरकार बनी तो घुसपैठियों पर होगी सख्त कार्रवाई

अमित शाह ने दक्षिण 24 परगना के मथुरापुर से ‘परिवर्तन यात्रा’ की शुरुआत करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से घुसपैठियों के नाम हटाए जाने पर ममता बनर्जी को आपत्ति हो रही है। शाह ने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर अवैध घुसपैठियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने पंचायत चुनावों में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमलों का मुद्दा उठाते हुए राज्य सरकार पर हिंसा को संरक्षण देने का आरोप लगाया। शाह ने कहा कि बंगाल में कई भर्ती और राशन घोटाले हुए हैं और भ्रष्टाचार चरम पर है। बजट पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की तुलना में मदरसों को अधिक धन आवंटित किया गया। साथ ही उन्होंने दावा किया कि राज्य भारी कर्ज में डूबा है। शाह ने सरकारी कर्मचारियों को सातवां वेतन आयोग लागू करने का वादा भी किया।