Jammu & Kashmir National

J&K: पुंछ में पाकिस्तानी ड्रोन की घुसपैठ नाकाम, सेना की मुस्तैदी से लौटे क्वाडकॉप्टर

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास एक बार फिर पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए घुसपैठ की कोशिश की गई, जिसे भारतीय सेना ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से विफल कर दिया। सेना के अधिकारियों के अनुसार, रविवार तड़के करीब सुबह 5:45 से 6:00 बजे के बीच 2 से 3 छोटे क्वाडकॉप्टर भारतीय हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। सीमा पर तैनात जवानों ने समय रहते इनकी गतिविधियों को भांप लिया और तुरंत ड्रोन-रोधी कार्रवाई शुरू की।

सेना की जवाबी फायरिंग और तकनीकी उपायों के चलते ये ड्रोन अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके और वापस लौटने पर मजबूर हो गए। अधिकारियों ने बताया कि हाल के दिनों में नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा के आसपास ड्रोन की गतिविधियों में इजाफा देखा गया है, जिसे सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती माना जा रहा है।

इस बीच पश्चिम एशिया में तेजी से बदल रहे हालात ने भी क्षेत्रीय सुरक्षा चिंताओं को बढ़ा दिया है। अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों तथा उसके बाद पैदा हुए तनाव के चलते पूरे मिडिल ईस्ट में स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। ऐसे माहौल में सीमा पार से किसी भी तरह की गतिविधि को लेकर भारतीय सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सेना ने निगरानी तंत्र और खुफिया सतर्कता को और मजबूत कर दिया है।