कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दिपके ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से अपनी भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक बिना भोजन के रहने से वांगचुक की सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता है और उनकी जान को खतरा भी हो सकता है।
दिपके ने कहा कि सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल का यह 25वां दिन है और वह उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने आग्रह किया कि वांगचुक अपनी हड़ताल समाप्त कर दें, लेकिन साथ ही स्पष्ट किया कि इससे आंदोलन खत्म नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर चल रहा शांतिपूर्ण प्रदर्शन अपनी मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा। दिपके ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी दोहराई और कहा कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक वह और उनके समर्थक पीछे नहीं हटेंगे।
CJP प्रमुख ने अपने समर्थकों से अपील की कि वे प्रदर्शन के दौरान पूरी शांति और अनुशासन बनाए रखें। उन्होंने समर्थकों से अपील की वे शांति बनाए रखे और प्रदर्शन के दौरान किसी भी तरह की हिंसा, गलत नारेबाजी या ऐसी गतिविधियां ना करे जिससे प्रोटेस्ट या देश की छवि खराब हो.
दिपके ने कहा कि जो लोग गलत हरकतें करते हैं या गलत नारे लगाते हैं, उनका इस आंदोलन से कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने दोहराया कि यह प्रदर्शन महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव आंबेडकर के सिद्धांतों पर आधारित रहेगा और आगे भी पूरी तरह अहिंसक व शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा।


